मानसिक प्रताड़ना से परेशान महिला ने की इच्छा मृत्यु की मांग, पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार
नर्मदापुरम। जिले में एक महिला द्वारा मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगे जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता उर्वशी तिवारी ने अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन में बताया गया है कि उनके पति अखिलेश शरण तिवारी का निधन 16 अक्टूबर 2024 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद जब उन्होंने बैंक खातों की जानकारी ली, तो पता चला कि उनके जेठ आशुतोष शरण तिवारी और उनके पुत्र आस्तिक शरण तिवारी द्वारा अलग-अलग तिथियों में खातों से राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर ली गई है। इस मामले में पीड़िता द्वारा थाना नर्मदापुरम में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर 31 जनवरी 2026 को बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है और वे खुलेआम घूम रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है और असामाजिक तत्वों के माध्यम से उन्हें और उनके बच्चों को डराया-धमकाया जा रहा है। इससे उनका जीवन भय और तनाव में बीत रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव के कारण उनकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी राजनीतिक प्रभाव वाले व्यक्ति हैं और अपने रसूख का इस्तेमाल कर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। साथ ही, घरेलू हिंसा से संबंधित एक मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है। महिला ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे इच्छा मृत्यु जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

राशिफल 27 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा